नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Tue, Aug 25, 2026 / Post views : 13

परसपुर। विकासखंड परसपुर क्षेत्र के लक्षन पुरवा गांव में खेतों के बीच विद्युत व्यवस्था की बदहाली ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। यहां वर्षों से लकड़ी के खंभों के सहारे विद्युत लाइन संचालित हो रही है। कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे तक झूल रहे हैं और उन्हें लकड़ी के सहारे टिकाकर रखा गया है। वहीं लाइन को सहारा देने वाला लकड़ी का खंभा भी काफी झुक गया है। एक स्थान पर विद्युत लाइन का तार खेत में गिरा पड़ा दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों और ग्रामीणों के लिए खतरे की आशंका बनी हुई है।

बारिश के मौसम में खेतों में नमी और पानी के बीच नीचे लटक रहे विद्युत तारों से हादसे का खतरा और बढ़ गया है। लक्षन पुरवा निवासी इंद्र कुमार सिंह ने बताया कि खेतों के बीच लंबे समय से लकड़ी के खंभे के सहारे विद्युत तार लटक रहा है। खेतों में किसानों और ग्रामीणों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में बारिश के दौरान नीचे लटक रहे तारों को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार कई स्थानों पर विद्युत तार जमीन से काफी कम ऊंचाई पर हैं। इन्हें अस्थायी रूप से लकड़ी के सहारे टिकाया गया है, जबकि लाइन को संभालने वाला खंभा भी एक ओर झुक गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुराने लकड़ी के खंभों को हटाकर मजबूत विद्युत खंभे लगाए जाएं और तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित किया जाए। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कराकर झुके खंभे को दुरुस्त कराने, खेत में गिरे पड़े विद्युत तार को हटवाने, नीचे लटक रहे तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने और विद्युत लाइन की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बारिश के मौसम में किसी अप्रिय घटना घट सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन