नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, Aug 15, 2026 / Post views : 10


परसपुर,करनैलगंज ( गोंडा ) : देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए विकासखंड करनैलगंज के ग्राम पंडित पुरवा स्थित मानव विलेज एकेडमी में अतुल्य विकास फाउंडेशन के तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया।


ध्वजारोहण के साथ ही विद्यालय परिसर में तिरंगा शान से लहराया और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। समारोह में आसपास के गांवों से पहुंचे करीब 600 छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद किया।


बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि यह राष्ट्रीय पर्व उन अनगिनत वीरों के त्याग और संघर्ष को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज हम जिस स्वतंत्र और लोकतांत्रिक भारत में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का अदम्य साहस, त्याग और तपस्या है। देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखना और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा गौरव की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करें, अनुशासन और संस्कार को जीवन का हिस्सा बनाएं तथा अपने ज्ञान और प्रतिभा से देश के विकास में योगदान दें।


अतुल्य विकास फाउंडेशन, पंडित पुरवा के प्रबंधक नरेंद्र शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ देशभक्ति, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि बच्चों के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जितनी मजबूत होगी, देश का भविष्य उतना ही उज्ज्वल होगा। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए सभी से देश की प्रगति, एकता और भाईचारे के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।


समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में देशभक्ति का ऐसा वातावरण बना रहा कि हर चेहरे पर तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति गर्व दिखाई दिया। तिरंगे की छांव में गूंजते भारत माता की जय के जयघोष और बच्चों के उत्साह ने 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बना दिया।


इस अवसर पर अतुल्य विकास फाउंडेशन के पदाधिकारी श्री आनंद द्विवेदी, श्री शिवाकांत अवस्थी, दीपक राजपूत समेत शिक्षकगण व छात्र छात्राएं शामिल रहे ।
विज्ञापन
विज्ञापन