नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sat, Aug 15, 2026 / Post views : 34

परसपुर, गोण्डा। विकासखंड परसपुर क्षेत्र अंतर्गत शिक्षाक्षेत्र कम्पोजिट विद्यालय पूरे दौलत में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्री विनोद कुमार पाण्डेय, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष श्रीमती रीना देवी एवं प्रधानाध्यापक तिलकराम वर्मा ने संयुक्त रूप से धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर वीरों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों पर मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद पांडेय ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराते हुए बताया गया कि भारत की आजादी लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, बाल गंगाधर तिलक सहित असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया। अनेक वीरों ने यातनाएं सहीं और अपना जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

प्रधानाध्यापक तिलकराम वर्मा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि इसके साथ देश और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, अनुशासन, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का वातावरण बना रहा। अंत में सभी ने देश की प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए संकल्प लिया तथा भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री विनोद कुमार पाण्डेय, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष श्रीमती रीना देवी, प्रधानाध्यापक तिलकराम वर्मा, शिक्षिकाएं मीनाक्षी गुप्ता, आरती, पूजा गुप्ता, स्नेहलता सिंह, रेनू सिंह, अनुचर रिंकी देवी, रसोइयां शुभि सिंह, सुनीता सिंह एवं रेनू सहित अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन