आर के पाण्डेय एडिटर इन चीफ बैज़लपुर उत्तर प्रदेश / Wed, Aug 5, 2026 / Post views : 10
➡ लखनऊ: AIMIM में मतभेद की अटकलें तेज हो गई हैं। आसिम वकार की सोशल मीडिया पोस्ट वायरल होने के बाद प्रदेश प्रवक्ताओं की नियुक्ति पर सवाल उठे हैं। आसिम वकार ने नियुक्ति प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐलान राष्ट्रीय अध्यक्ष के लेटरहेड से होना चाहिए था। उन्होंने पार्टी के आधिकारिक हैंडल से घोषणा की भी मांग की है। इसे लेकर नेतृत्व से उनकी नाराजगी की चर्चाएं तेज हैं।
➡ लखनऊ: लखनऊ में हल्की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कपूरथला क्षेत्र में मामूली बारिश के बाद ही सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
➡ लखनऊ: पारा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने खुद भी फंदे पर लटककर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
➡ सीतापुर: महमूदाबाद के प्राथमिक विद्यालय छंगापुर में खराब मिड-डे मील परोसने के मामले में जांच सही मिलने पर BSA ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रधानाध्यापिका कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया गया, रसोइया अनीता की सेवा समाप्त कर दी गई, जबकि ABSA उदय मणि पटेल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
➡ आगरा: खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र में चंबल नदी किनारे पैर धो रहे एक युवक को मगरमच्छ खींचकर ले गया। साथ मौजूद साथियों ने साहस दिखाते हुए युवक को मगरमच्छ के चंगुल से बचा लिया।
➡ आगरा: थाना सदर क्षेत्र स्थित नंद प्लाजा में LIU और सदर पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की। अवैध गतिविधियों की शिकायत पर सात कैफे सील किए गए और करीब 20 युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर पुलिस बस से थाना सदर भेजा गया। मामले की जांच जारी है।
➡ रायबरेली: लालगंज कस्बे में SDM ने ट्रैफिक व्यवस्था की पोल खोल दी। पुलिस बूथ में आराम कर रहे ट्रैफिक कर्मियों को देखकर SDM अपनी गाड़ी से उतरे और मौके पर उनकी जमकर क्लास लगाई।
➡ दिल्ली: यूपी के SIR मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सलमान खुर्शीद ने Form-7 को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति-एक फोन से कई Form-7 दाखिल किए गए हैं और चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की। CJI सूर्यकांत ने कहा कि यदि यह सही है तो मामला गंभीर है। सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से जवाब तलब करते हुए Form-7 आवेदनों की जांच पर नजर रखने की बात कही।
➡ कौशाम्बी: सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुवा में एक कंटेनर ने ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
➡ चित्रकूट: जिला मुख्यालय स्थित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र दिए और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया।
➡ पीलीभीत: बीसलपुर में अवैध रूप से संचालित मदरसा यादगारे इस्लाम खां को SDM और पुलिस ने बंद करा दिया। प्रशासन के अनुसार फर्जी NOC के आधार पर मदरसा संचालित किया जा रहा था। मदरसे पर ताला लगा दिया गया, हालांकि फर्जी NOC के मामले में FIR दर्ज नहीं कराई गई।
➡ हाथरस: एक महिला को सांप ने काट लिया, जिसके बाद परिजन सांप को डिब्बे में बंद कर महिला के साथ अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में सांप को देखकर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
➡ आगरा: शमसाबाद क्षेत्र में कथित लव जिहाद के मामले में 16 वर्षीय किशोरी ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि वह अवसाद में थी और स्कूल जाना भी छोड़ चुकी थी। पुलिस ने आरोपी फैजान को गिरफ्तार कर लिया है, जो राहुल बनकर किशोरी से मिलता था।
➡ कानपुर: मर्चेंट नेवी अधिकारी सागर गुप्ता का शव कानपुर पहुंच गया। बताया गया कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान उनकी मौत हुई थी। उनके निवास पर क्षेत्रीय नेता और स्थानीय लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
➡ बुलंदशहर: पहासू क्षेत्र के गंगा वली पुल पर 30 वर्षीय प्रदीप नशे की हालत में नहर में कूद गया। वह बहन की ससुराल से लौट रहा था और किसी बात से नाराज बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
➡ दिल्ली: दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र 7 से 11 अगस्त तक चलेगा। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी ने एजेंडे को मंजूरी दे दी है। स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि सत्र के दौरान CAG की दो रिपोर्टें और तीन महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे।
➡ अलीगढ़: हरदुआगंज क्षेत्र के सिल्ला गांव में दबंगों द्वारा एक बुजुर्ग को कथित तौर पर तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन सभी आरोपी अभी भी फरार हैं।
➡ सीतापुर: रालोद के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने सीतापुर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि 2027 में यूपी में बहुमत की सरकार बनेगी और पप्पू यादव के विरोध के तरीके को गलत बताया।
➡ बुलंदशहर: आहार क्षेत्र के गांव चांसी में तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। डर के कारण लोगों ने खेतों में जाना बंद कर दिया है।
➡ सुल्तानपुर: राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में रिवीजन कोर्ट में मूल पत्रावली नहीं पहुंचने के कारण सुनवाई टल गई। अब मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को होगी। वादी पक्ष के अधिवक्ता ने इस संबंध में प्रार्थना पत्र भी दिया।
➡ चमोली: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर नंदप्रयाग के बगड़ चौराहे के पास बाइक फिसलने से हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे एक युवक की मौत हो गई।
➡ गोरखपुर: लोन माफी का झांसा देकर रेलवे कर्मचारी सत्य प्रकाश सिंह से 1.67 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने रेलवे स्टेशन अधीक्षक की बेटी और उसके पिता ध्रुव नारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि कार लोन माफ कराने का लालच देकर कई बैंकों से लोन पास कराया गया। गोरखपुर एम्स थाने में केस दर्ज है और आरोपी महिला के पति समेत अन्य साथियों की तलाश जारी है.
विज्ञापन
विज्ञापन