नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Wed, Oct 7, 2026 / Post views : 13

नशा स्वास्थ्य के साथ भविष्य को भी करता है बर्बाद - प्रवक्ता डॉ. नरेंद्र नाथ पांडेय

परसपुर (गोंडा)। महाकवि तुलसीदास पीजी कॉलेज परसपुर में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में नशा उन्मूलन विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. बीना सिंह, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा तिवारी, डॉ. अजीत सिंह, मुख्य वक्ता ओम नारायण सिंह और डॉ. दयाशंकर मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

विज्ञान संकाय के गणित विभागाध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता ओम नारायण सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर के साथ-साथ मस्तिष्क पर भी गंभीर असर डालता है। नशे की आदत से स्वास्थ्य प्रभावित होने के साथ व्यक्ति की कार्यक्षमता, सोचने-समझने की क्षमता और पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

जंतु विभाग के विभागाध्यक्ष राजमान प्रसाद वर्मा ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि युवाओं को नशे की शुरुआत से ही बचने की जरूरत है। वनस्पति विभाग के प्रवक्ता नरेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि नशा किसी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को धीरे-धीरे शारीरिक, मानसिक और सामाजिक समस्याओं की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि कई बार युवा साथियों के दबाव, गलत संगति, तनाव, जिज्ञासा और नशे को लेकर बनी गलत धारणाओं के कारण इसकी ओर आकर्षित हो जाते हैं। जागरूकता, अच्छी संगति, सकारात्मक सोच और रचनात्मक गतिविधियों से युवाओं को नशे से दूर रखा जा सकता है।

उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन