आर के पाण्डेय एडिटर इन चीफ बैज़लपुर उत्तर प्रदेश / Sun, Aug 3, 2025 / Post views : 105
➡लखनऊ में ड्रग कॉर्पोरेशन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो फार्मा कंपनियों को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया है। कैल्शियम सप्लीमेंट और आई ब्रूफिन के नमूने गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए थे जिसके चलते यह निर्णय लिया गया।
➡बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में पिकअप वाहन ने ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई।
➡सीतापुर के मिश्रिख एसडीएम शैलेंद्र मिश्रा ने कार्यवाही करते हुए लेखपाल देवेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। IGRS की रिपोर्ट समय पर न देने और कार्य में लापरवाही बरतने के चलते यह कार्रवाई की गई।
➡लखनऊ में PWD विभाग के कनिष्ठ सहायक पंकज तिवारी पर एक महिला ने नौकरी के नाम पर दो लाख रुपये ऐंठने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री के आदेश पर वजीरगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➡लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में रिटायर्ड अपर कृषि निदेशक नारांतन सिंह की जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले पुलिस सात आरोपियों को जेल भेज चुकी है और आरोपी पर डीसीपी पूर्वी की ओर से 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
➡बागपत के लुहारी गांव में ड्रोन और अपहरण की अफवाह फैलाने वाले 9 अभियुक्तों को बड़ौत कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 112 पर झूठी सूचना देकर अफरा-तफरी मचाई थी।
➡बुलंदशहर के थाना नरसेना क्षेत्र के महुआखेड़ा में नहर किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव के सिर पर गहरी चोट के निशान हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त की कोशिश शुरू कर दी है।
➡बुलंदशहर के अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव लखावटी से गुजर रही गंगनहर में कटाव के चलते आसपास के गांवों की हजारों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। नहर का पानी श्मशान और पीएचसी तक भर गया है। सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और JCB की मदद से कटाव रोकने का प्रयास जारी है।
➡लखनऊ के चकबंदी विभाग में कार्यरत बाबू राजकुमार सिंह की मौत के मामले में अब तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है और प्रॉपर्टी डीलरों पर संदेह जताया है। अन्य जिलों से रिपोर्ट मंगाई जा रही है।
➡नोएडा में CBI ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण से आवंटन और बकाए का ब्यौरा मांगा है। यह जानकारी सबवेंशन स्कीम की जांच के सिलसिले में मांगी गई है। स्कीम के तहत बिल्डरों और बैंकों ने नियमों का उल्लंघन किया, खरीदारों का पैसा अन्य प्रोजेक्टों में लगाया गया और कई बिल्डर अब दिवालिया हो चुके हैं।
➡लखनऊ में निगमों की संपत्ति निर्धारण को लेकर विवाद बढ़ गया है। निजीकरण प्रस्ताव में संपत्ति कम दिखाने का आरोप लगाया गया है। पूर्वांचल और दक्षिणांचल की संपत्तियों के आंकड़ों पर सवाल उठाए गए हैं और सीएम व मुख्य सचिव को पत्र भेजा गया है।
➡लखनऊ में निदेशक वित्त के कार्यकाल बढ़ाने के प्रस्ताव का विरोध हो रहा है। आरोप है कि निदेशक वित्त की निजी घरानों से मिलीभगत है और निजीकरण प्रस्ताव को रद्द करने की मांग की गई है।
➡सहारनपुर के थाना बेहट क्षेत्र के जसमौर के पास श्रद्धालुओं की कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, जिसमें चार श्रद्धालु घायल हो गए।
➡नोएडा के थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सेक्टर 45 में पत्नी की बेवफाई से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाकर आपबीती सुनाई और पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। परिजन इंसाफ की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
➡गाजियाबाद में सांसद इमरान मसूद पर CBI कोर्ट में चार्ज तय हुआ है। यह मामला 2007 का है जब वे सहारनपुर नगर पालिका अध्यक्ष थे और उन पर 40 लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप है। अगली सुनवाई 19 अगस्त को होगी और तब तक उनकी अंतरिम जमानत जारी रहेगी।
➡अलीगढ़ के जवां थाने के गढ़िया भोजपुर नगला बंजारा गांव में मां ने अपनी नवजात बच्ची को नशीला मंजन खिलाकर हत्या कर दी और शव को दफना दिया। पिता की शिकायत पर पुलिस ने कब्र से शव निकालकर मां को गिरफ्तार कर लिया है।
➡लखनऊ पुलिस लाइन स्थित आवास में एएसपी मुकेश प्रताप की पत्नी नितेश का शव फंदे से लटका मिला था। मृतका के भाई ने एएसपी और उनके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। मामले की जांच चल रही है।
➡कानपुर के नौबस्ता थाने में भाजपा नेता बर्रा और किदवई नगर मंडल अध्यक्ष धरने पर बैठ गए। उन्होंने पुलिस पर एक महिला के प्लॉट पर कब्जा करवाने का आरोप लगाया। थाने के भीतर पुलिस से नोकझोंक का वीडियो भी सामने आया है।
विज्ञापन
विज्ञापन