नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Fri, Jul 24, 2026 / Post views : 342
परसपुर (गोंडा)। उत्तर प्रदेश कृषि विविधीकरण परियोजना (यूपी डास्प) के अंतर्गत संचालित उत्तर प्रदेश में कृषि उत्पादकता को बढ़ावा देने एवं जलवायु अनुकूल खेती को प्रोत्साहित करने वाले यूपी एग्रीस कार्यक्रम के तहत विकासखंड परसपुर के विभिन्न ग्रामों में धान की सीधी बुवाई के लिए लगाए गए प्रदर्शन प्लॉटों का वैज्ञानिकों एवं उच्च अधिकारियों की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों को फसल प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा रोग एवं कीट नियंत्रण के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं तकनीकी सलाह दी गई।
निरीक्षण टीम में सह वैज्ञानिक डॉ. धीरज कुमार तिवारी, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर देवीपाटन एवं बस्ती मंडल डॉ. विपिन कुमार, शोध सहायक सुब्रजीत स्वाइन, वरिष्ठ उप प्रबंधक अमिताभ श्रीवास्तव, सहायक विकास अधिकारी (कृषि) परसपुर डॉ. अनूप सिंह चौहान तथा खंड तकनीकी प्रबंधक रोहित सिंह शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान डॉ. विपिन कुमार ने ग्राम अंदूपुर में किसान हुकुम नाथ वर्मा के खेत पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी, जबकि ग्राम सुसुंडा में किसान चंद्रशेखर पांडे के खेत में धान की फसल में पीलापन दिखाई देने पर अनुशंसित फफूंदनाशक का छिड़काव करने की सलाह दी। इसके अलावा किसानों रवि शंकर सिंह, लक्ष्मी नारायण सहित अन्य कृषकों के खेतों का भी निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने किसानों को समय-समय पर फसल की देखभाल करने, आवश्यकतानुसार उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने तथा कीटनाशक एवं रोगनाशक दवाओं का वैज्ञानिक तरीके से प्रयोग करने के बारे में सलाह दी गई और साथ ही किसानों के साथ जलवायु अनुकूल खेती के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उत्पादन बढ़ाने एवं लागत कम करने के उपायों की भी जानकारी दी गई।
विज्ञापन
विज्ञापन