नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Tue, Aug 11, 2026 / Post views : 136
परसपुर (गोंडा)। परसपुर थाना क्षेत्र के बनवरिया गांव के पास सोमवार रात दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहे एक युवक से मारपीट कर 55 हजार रुपये छीन लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देने के साथ ही परसपुर थाने पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ आनंद कुमार राय ने मंगलवार को परसपुर थाने पहुंचकर एसओ कमल शंकर चतुर्वेदी से घटना के संबंध में जानकारी ली। मिझौरा गांव निवासी जय बहादुर सिंह ने बताया कि उनके पिता हरिनरायन सिंह के दवा-इलाज के लिए उन्होंने बैंक और डाकघर से 55 हजार रुपये निकाले थे। उनका पुत्र सुमित सिंह सोमवार रात करीब 9:05 बजे परसपुर बाजार स्थित दुकान बंद कर उक्त रकम लेकर साइकिल से घर लौट रहा था। आरोप है कि बनवरिया मस्जिद से पहले सुनसान स्थान पर कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रोक लिया और मारपीट करने के बाद उसके पास मौजूद 55 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित के पिता जय बहादुर सिंह की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कौशल किशोर सिंह को सौंपी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन