नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Tue, Mar 10, 2026 / Post views : 48


परसपुर (गोण्डा) महाकवि तुलसीदास पीजी कॉलेज परसपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन कम्पोजिट विद्यालय पूरे रामभरोसे पाण्डेय चरहुआ में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा तिवारी व डॉ. अजीत सिंह के नेतृत्व में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर की गई। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक रैली निकाली गई। रैली कम्पोजिट विद्यालय से प्रारंभ होकर प्राथमिक विद्यालय होते हुए पूरे रामभरोसे पाण्डेय पुरवा तक गई। रैली के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पेड़-पौधे लगाने, जल संरक्षण करने तथा प्रदूषण रोकने के लिए जागरूक किया।


इस दौरान स्वयंसेवक स्वयंसेविकाओं लक्ष्मी पाण्डेय, अंशिका सिंह, नैन्सी सिंह, अंशु सिंह, अर्पित मिश्रा एवं दिलीप सहित अन्य ने लोगों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात आयोजित बौद्धिक सत्र में ‘पर्यावरण संरक्षण’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नरेन्द्रनाथ पाण्डेय तथा संस्कृत विभाग के प्रवक्ता डॉ. दयाशंकर मिश्र उपस्थित रहे।


डॉ. नरेन्द्रनाथ पाण्डेय ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हम अपनी मिट्टी, जल और वायु को सुरक्षित रखकर ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की। वहीं डॉ. दयाशंकर मिश्र ने पर्यावरण विषय पर अपनी स्वरचित गीत के माध्यम से बच्चों और स्वयंसेवकों को प्रेरित किया। अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा तिवारी ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर दिलीप मिश्र, शिवम पाण्डेय, रंजू सिंह, शिवगोपाल शुक्ल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन