नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Sun, Mar 22, 2026 / Post views : 43

ईद की नमाज अदा कर मांगी अमन-चैन की दुआ

परसपुर, गोंडा : नगर पंचायत परसपुर सहित आसपास के इलाकों में शनिवार को ईद उल फितर का त्योहार हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। रमजान के पवित्र महीने की समाप्ति के बाद मुस्लिम समुदाय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तकरीबन दस बजे बालपुर परसपुर रोड पर ईदगाह मे नमाज अदा की गई।


इस दौरान नमाजियों ने खुदा से अमन-चैन और बरकत की दुआ मांगी। कस्बे की प्रमुख मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई, जहां इमामों ने ईद के महत्व पर रोशनी डालते हुए सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। गौरतलब है कि रमजान के पवित्र महीने में मुस्लिम समुदाय के लोग एक माह तक रोजा रखते हैं और इबादत में मशगूल रहते हैं। इस दौरान मस्जिदों में विशेष तरावीह की नमाज अदा की जाती है।


रोजों की समाप्ति पर ईद उल फितर का त्योहार मनाया जाता है, जिसे खुशी और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है। नमाज के बाद लोगों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और ईद की मुबारकबाद दी।



परस्पर प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हुए लोगों ने अपने मित्रों, परिजनों और रिश्तेदारों से मिलकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। ईदगाह के आसपास लगी दुकानों पर महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ देखने को मिली। बच्चों ने खिलौने, पटाखे और तरह-तरह की चीजें खरीदीं, जबकि महिलाओं ने मिठाइयों और घरेलू सामान की खरीदारी की।


घर-घर में सेवई और पकवानों की खुशबू बिखरी रही, जहां मेहमानों का आना-जाना लगा रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थानाध्यक्ष कमलशंकर चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा, जिसमें कई उपनिरीक्षक, महिला एवं पुरुष आरक्षी शामिल थे। पुलिस प्रशासन लगातार गश्त करते रहे ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। परसपुर थाना क्षेत्र में कुल 31 मस्जिदों और 13 ईदगाहों में नमाज अदा की गई। प्रशासन की सतर्कता और लोगों के सहयोग से ईद उल फितर का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन