नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Sep 7, 2026 / Post views : 102

परसपुर। थाना परसपुर पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने महिला से हुई चेन छिनैती की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छिनैती की सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, दो सितंबर को जानकीपुरम लखनऊ निवासी ममता सिंह अपनी करीब आठ वर्षीय पुत्री और माता के साथ मायके ग्राम चौहरजा पुरवा, मौजा मधईपुर कुर्मी से लखनऊ जाने के लिए निकली थीं। पैर में तकलीफ होने के कारण उन्होंने परसपुर की ओर जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार से सहायता मांगी।

मोटरसाइकिल सवार तीनों को अपने साथ लेकर परसपुर की ओर जाने लगा। इसी दौरान करीब 3:10 बजे मोल्हू पुरवा गांव के पास पीछे से काले-लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर महिला के गले से करीब एक तोला वजन की सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार को थाना परसपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम भौरीगंज रोड बाईपास पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चरहुआ बाईपास की ओर से मोटरसाइकिल सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। दोनों आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस की तलाशी में आदेश सिंह उर्फ राज सिंह के पास से पीली धातु की चेन और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं करन सिंह उर्फ अन्तिम सिंह के कब्जे से दो मोबाइल फोन, अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोल्हू पुरवा के पास महिला से चेन छिनैती की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों में आदेश सिंह उर्फ राज सिंह पुत्र राकेश सिंह निवासी वैशन पुरवा पसका तथा करन सिंह उर्फ अन्तिम सिंह पुत्र केदारनाथ सिंह निवासी वैशन पुरवा पसका, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक करन सिंह के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी से संबंधित मामले दर्ज रहे हैं, जबकि आदेश सिंह के खिलाफ भी एक पूर्व मामला दर्ज है। बरामदगी में एक पीली धातु की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस शामिल है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक आशुतोष सिंह एसओजी/स्वाट प्रभारी, उपनिरीक्षक मनीष कुमार सर्विलांस प्रभारी, थानाध्यक्ष कमलशंकर चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक अमन कन्नौजिया, उपनिरीक्षक आकाशदीप, हेड कांस्टेबल अमित कुमार मिश्रा, कांस्टेबल अमित यादव, राहुल कुमार पटेल, रिजर्व कांस्टेबल सत्यम सिंह, सरोज मौर्या और शैलेन्द्र कुमार शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन