नीरज कुमार सिंह संवाददाता परसपुर गोंडा / Mon, Jul 28, 2025 / Post views : 190

परसपुर (गोंडा) : सदियों पुरानी आस्था का प्रतीक ग्रामसभा कडरू परसपुर स्थित प्राचीन भारीश्वर महादेव मंदिर अब उत्तर प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर स्थान पाने की ओर अग्रसर हो रहा है। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने बड़ी पहल करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने मंदिर के समग्र पर्यटन विकास की मांग करते हुए इसे जनहित व लोकहित में अत्यंत आवश्यक बताया है। अजय सिंह ने बताया कि यह स्थल अपनी पौराणिक महत्ता, परंपरा और आस्था के कारण हर सोमवार और शुक्रवार को विशाल जनसमूह को आकर्षित करता है। वर्षों से यहां भव्य मेलों का आयोजन हो रहा है जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूर-दूर से दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें तमाम कठिनाइयों से जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा कि भारीश्वर महादेव मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि गोंडा की संस्कृति, विरासत और जनभावनाओं का केंद्र है, जिसे अब पर्यटन रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस संबंध में एक प्रति मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेजी गई है, जिससे शासन स्तर पर शीघ्र निर्णय लेकर इस ऐतिहासिक स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में घोषित किया जा सके। विधायक का कहना है कि यह कदम न केवल आस्था से जुड़े लाखों श्रद्धालुओं को लाभ देगा, बल्कि क्षेत्र की पहचान को भी नया आयाम प्रदान करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन